दुर्ग, 8 जून। अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलगांव पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंकी रिजॉर्ट, गोकुलधाम के पीछे संचालित जुआ फड़ पर दबिश देकर 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, ताश पत्ती, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल 4 लाख 34 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर कुछ लोग अवैध रूप से जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना पुलगांव पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 15 लोगों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 82 हजार रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, 12 मोटरसाइकिल, 17 टच स्क्रीन मोबाइल एवं 2 कीपैड मोबाइल बरामद किए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य लगभग 4.34 लाख रुपये आंका गया है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 530/2026 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3 एवं 4 के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहने तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
