दुर्ग। दुर्ग जिले के धमधा ब्लॉक स्थित कोड़िया धान खरीदी केंद्र में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और केंद्र में रखा 100 क्विंटल से अधिक धान जलकर राख हो गया। घटना से खरीदी केंद्र को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए पांच दमकल वाहनों को मौके पर लगाया गया। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका।

घटना की जानकारी मिलते ही दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आग लगने के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिए।

फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। वहीं नंदनी थाना पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट, लापरवाही अथवा अन्य संभावित कारणों को लेकर जांच की जा रही है।
इस अग्निकांड के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और किसान भी अपने धान के नुकसान को लेकर चिंतित नजर आए। प्रशासन ने जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।