दुर्ग शहर की बढ़ती यातायात समस्या को देखते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों और इंजीनियरों के साथ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क चौड़ीकरण, मजबूतीकरण, सौंदर्यीकरण और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
त्री यादव ने पोटिया चौक से बस्ती मार्ग, बोरसी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र, बस स्टैंड से गणेश मंदिर रोड, नयापारा चौक से आनंद सरोवर मार्ग तथा बघेरा रोड का स्थल निरीक्षण कर यातायात दबाव कम करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप अधोसंरचना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दुर्ग शहर तेजी से विस्तार कर रहा है और बढ़ती आबादी के अनुरूप सड़क नेटवर्क को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बाधारहित आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

कई प्रमुख मार्गों के चौड़ीकरण की तैयारी
निरीक्षण के दौरान बोरसी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र की सड़क, नयापारा चौक से आनंद सरोवर तक मार्ग तथा बस स्टैंड से गणेश मंदिर रोड के मोड़ के पास सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण के लिए तकनीकी सर्वे कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। मंत्री यादव ने अधिकारियों से कहा कि जिन क्षेत्रों में संकरी सड़कें यातायात बाधा का कारण बन रही हैं, उन्हें प्राथमिकता सूची में शामिल किया जाए। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण के साथ स्ट्रीट लाइट, जल निकासी, पैदल यात्रियों के लिए सुविधाएं, यातायात संकेतक और चौक-चौराहों के सौंदर्यीकरण को भी परियोजनाओं का हिस्सा बनाने को कहा।
जल्द शुरू होगा सर्वे
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार बजट में प्रस्तावित विभिन्न सड़क परियोजनाओं का सर्वे शुरू किया जाएगा। सबसे पहले हेमचंद यादव विश्वविद्यालय से पुराना हाउसिंग बोर्ड चौक (बोरसी) तक सड़क चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का सर्वे किया जाएगा इसके अलावा महाराजा चौक से पहिरावा बुटीक तक मार्ग, साईं मंगलम से केनाल मार्ग होते हुए बोरसी साहू होटल और बोरसी चौक तक, नयापारा चौक से आनंद सरोवर मोड़ तक, स्मृति नगर मुख्य मार्ग से कातुलबोर्ड सड़क तक भी सर्वे कर विस्तृत इस्टीमेट तैयार किया जाएगा।

हजारों नागरिकों को मिलेगा लाभ
मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार मैदानी निरीक्षण किए जा रहे हैं। प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने के बाद जाम की समस्या में कमी आएगी, आवागमन सुगम होगा और हजारों नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। राजनीतिक दृष्टि से भी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है क्योंकि शहर के जिन क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण और यातायात सुधार की मांग लंबे समय से उठ रही थी, वहां अब योजनाओं को जमीन पर उतारने की प्रक्रिया शुरू होती दिखाई दे रही है।