जिला पंचायत दुर्ग ने ग्राम पंचायत सचिवों के लंबे समय से लंबित सेवा संबंधी प्रकरणों के निराकरण की दिशा में बड़ी पहल करते हुए एक साथ कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई से पंचायत कर्मियों में उत्साह और संतोष का माहौल है।
जिला स्तर पर गठित समिति द्वारा कर्मचारियों की सेवा अवधि, कार्यकुशलता एवं अनुशासन का परीक्षण किए जाने के बाद 15 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके 78 ग्राम पंचायत सचिवों को पदोन्नति का लाभ प्रदान किया गया है। लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे सचिवों के लिए यह निर्णय बड़ी राहत और सम्मान का अवसर बनकर सामने आया है।
इसके अलावा 5 ग्राम पंचायत सचिवों की परिवीक्षा अवधि सफलतापूर्वक पूर्ण होने पर उनकी परीक्षा अवधि समाप्त की गई है। वहीं मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए पात्र आश्रित कीर्तन कुमार साहू को अनुकंपा नियुक्ति भी प्रदान की गई है।
जिला पंचायत द्वारा एक साथ बड़ी संख्या में सेवा प्रकरणों का निराकरण किए जाने से कर्मचारियों के मनोबल में वृद्धि हुई है। कर्मचारियों का मानना है कि लंबे समय से लंबित मामलों के निपटारे से प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी तथा पंचायत व्यवस्था और अधिक मजबूत एवं प्रभावी होगी।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने कहा कि कर्मचारियों के वैधानिक सेवा प्रकरणों का समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण जिला पंचायत की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी कर्मचारियों से जुड़े मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उनके हितों की रक्षा के साथ प्रशासनिक कार्यों में दक्षता और जवाबदेही बढ़ाई जा सके।
जिला पंचायत की इस पहल को पंचायत कर्मियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल कर्मचारियों का उत्साह बढ़ेगा बल्कि ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में भी सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।