दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतर्राज्यीय ऑनलाइन सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार
भिलाई/दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय सट्टा सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। थाना छावनी पुलिस की टीम ने मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 26 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 2 आईपैड, 85 एटीएम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 45 सिम कार्ड, नकदी समेत करोड़ों रुपये के लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी निशांत कुमार गुप्ता भिलाई निवासी है और लंबे समय से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहा था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह “सी-बी क्रिकेट बज बेटिंग ऐप” और “रूबीबेट” के माध्यम से सट्टा कारोबार चला रहा था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर महाराष्ट्र के नागपुर स्थित किराये के मकान में छापा मारकर आठ अन्य युवकों को रंगे हाथों ऑनलाइन सट्टा संचालन करते पकड़ा।

जांच में सामने आया कि आरोपी उत्तरप्रदेश और बिहार के युवकों को वेतन देकर ऑनलाइन सट्टे के डिपॉजिट, विड्रॉल, आईडी प्रबंधन और तकनीकी संचालन का कार्य कराते थे। प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये तथा प्रतिमाह करीब डेढ़ करोड़ रुपये का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन किया जा रहा था। सट्टे की रकम के लेन-देन के लिए फर्जी एवं अवैध तरीके से प्राप्त बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड का उपयोग किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों से 1 लाख 54 हजार 620 रुपये नकद के अलावा लगभग 23 लाख रुपये मूल्य के सोने और डायमंड के आभूषण भी जब्त किए हैं। बताया गया कि ये आभूषण ऑनलाइन सट्टे से अर्जित अवैध धन से खरीदे गए थे और भिलाई के एक ज्वेलर्स में गिरवी रखे गए थे।
थाना छावनी में आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम, भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं टेलीकॉम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।
