दुर्ग। दुर्ग शहर कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राहुल शर्मा ने देशभर में लगातार सामने आ रही पेपर लीक की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए सरकार पर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं केवल प्रशासनिक विफलता नहीं हैं, बल्कि करोड़ों मेहनती छात्र-छात्राओं के सपनों और उनके भविष्य पर सीधा हमला हैं।

राहुल शर्मा ने कहा कि आज देश का युवा अपनी मेहनत और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बावजूद असुरक्षा और अनिश्चितता के माहौल में जी रहा है। बार-बार परीक्षाओं की गोपनीयता भंग होने से छात्रों का मनोबल टूट रहा है और उनके परिवारों की उम्मीदों को भी गहरा आघात पहुंच रहा है।

उन्होंने सरकार से सवाल करते हुए कहा कि आखिर कब तक युवा इस अव्यवस्था का शिकार होते रहेंगे। हर बार पेपर लीक होने के बाद केवल जांच की घोषणा कर देना पर्याप्त नहीं है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए तथा ऐसी पारदर्शी और मजबूत व्यवस्था विकसित की जानी चाहिए जिससे भविष्य में किसी भी परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित न हो।

राहुल शर्मा ने कहा कि देश का युवा जवाब मांग रहा है। उनकी मेहनत, समय और संघर्ष का सम्मान होना चाहिए। सरकार को अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार के ठोस कदम उठाने चाहिए और युवाओं का विश्वास बहाल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी युवाओं के हितों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।