दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के स्कूली बच्चों के लिए शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी खुशखबरी सामने आई है। क्षेत्र के 21 शासकीय विद्यालयों को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की तैयारी पूरी हो चुकी है। इनमें से 11 स्कूलों को पूरी तरह से ‘स्मार्ट स्कूल’ के रूप में विकसित किया गया है, जबकि अन्य विद्यालयों में भी स्मार्ट क्लासेज स्थापित की जा रही हैं।
आधुनिक तकनीक से मिलेगी शिक्षा
शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के उरला, तितुरडीह व शक्तिनगर स्थित शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास व स्मार्ट स्कूल बनकर तैयार हो रहे हैं। इन स्कूलों के छात्र अब स्मार्ट बोर्ड, कंप्यूटर, इंटरनेट और डिजिटल कंटेंट के माध्यम से आधुनिक शिक्षा प्राप्त करेंगे। मंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार का यह स्पष्ट संकल्प है कि शासकीय स्कूलों का शैक्षणिक वातावरण और संसाधन निजी शिक्षण संस्थानों के स्तर के हों, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग के बच्चों को समान अवसर और उत्कृष्ट शिक्षा मिल सके।
आकर्षक प्रिंट रिच वातावरण
बच्चों के समग्र विकास और पढ़ाई में रुचि बढ़ाने के लिए स्कूलों में विशेष रूप से ‘प्रिंट रिच’ (Print Rich) वातावरण तैयार किया गया है, जिसका कार्य पूर्ण हो चुका है। कक्षाओं और परिसर की दीवारों को ज्ञानवर्धक चित्रों, चार्ट, सूत्रों और प्रेरणादायक संदेशों से सजाया गया है। प्राथमिक विद्यालय में छोटे बच्चों की रुचि के अनुसार रंग-बिरंगे और ज्ञानवर्धक चित्र बनाए गए हैं। हाई स्कूल में विज्ञान और गणित के प्रैक्टिकल को ध्यान में रखते हुए विषय-आधारित चित्र व मानचित्र उकेरे गए हैं।