मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को सुशासन तिहार के तहत दुर्ग जिले को 739 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देते हुए जिले के विकास की नई दिशा तय की। जेआरडी स्कूल मैदान में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने दुर्ग में सर्वसुविधायुक्त संयुक्त जिला कार्यालय भवन (कम्पोजिट बिल्डिंग) निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के तहत सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित कर रही है। सुशासन तिहार के माध्यम से सरकार जनता के बीच पहुंचकर अपना रिपोर्ट कार्ड प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने बताया कि 1 मई से शुरू हुए अभियान के तहत अब तक 17 जिलों का दौरा किया जा चुका है और 10 जून तक प्रदेश के सभी 33 जिलों में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
तकनीकी विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने दुर्ग के बहुप्रतीक्षित आईटी पार्क का लोकार्पण करते हुए इसे युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि आईआईटी भिलाई और राज्य शासन के सहयोग से निर्मित आईटी पार्क में वर्तमान में 40 आईटी कंपनियां कार्यरत हैं और भविष्य में 100 कंपनियों के संचालन की संभावना है। इससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और तकनीकी प्रशिक्षण के नए अवसर मिलेंगे।
मल्टीलेवल पार्किंग, नालंदा परिसर की सौगात
मुख्यमंत्री ने इंदिरा मार्केट में मल्टीलेवल पार्किंग निर्माण का भूमिपूजन किया। इसके अलावा नालंदा परिसर, 100 सीटर छात्रावास भवन, केनाल रोड निर्माण समेत कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से दुर्ग शहर की आधारभूत संरचना मजबूत होगी और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
नक्सल मुक्त बस्तर की नई तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्ति की ओर तेजी से बढ़ा है। उन्होंने कहा कि बस्तर में अब विकास की नई गाथा लिखी जा रही है और आजीविका आधारित योजनाओं के माध्यम से ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
जनसमस्याओं के समाधान पर जोर
मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन, ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं और बिजली समाधान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार प्रशासनिक पारदर्शिता और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है।
डिजिटल विकास का केंद्र बनेगा दुर्ग – गजेंद्र
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि आईटी पार्क दुर्ग-भिलाई को तकनीकी नवाचार और डिजिटल विकास का प्रमुख केंद्र बनाएगा। उन्होंने बताया कि आईटी पार्क के लिए आईआईटी भिलाई और राज्य सरकार के बीच एमओयू भी किया गया है।
समारोह में ये रहे मौजूद
समारोह में दुर्ग सांसद विजय बघेल, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, साजा विधायक ईश्वर साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड अध्यक्ष राकेश पाण्डेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, कलेक्टर अभिजीत सिंह, एसएसपी विजय अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।