दुर्ग। दुर्ग-भिलाई समेत नवा रायपुर और बिलासपुर में दिनदहाड़े सूने मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोह का दुर्ग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मेरठ (उत्तरप्रदेश) से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 400 ग्राम सोना, नगद 3.50 लाख रुपये सहित कुल 63.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक नेहरू नगर और दुर्ग क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों को चुनौती के रूप में लेते हुए थाना सुपेला एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थलों के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके आधार पर टीम मेरठ और दिल्ली रवाना की गई।
जांच के दौरान मेरठ निवासी आरोपी हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर से एक एक्टिवा खरीदकर दुर्ग-भिलाई में रेकी करने और दिन में सूने मकानों का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी मोदहापारा रायपुर में किराये का मकान लेकर रहते थे और फेरीवाले बनकर कपड़ा एवं कालीन बेचने के बहाने विभिन्न कॉलोनियों में घूमते थे। इस दौरान वे बाहर ताला लगे मकानों को चिन्हित करते थे। वारदात के समय एक आरोपी बाहर निगरानी करता था जबकि दूसरा घर के अंदर चोरी को अंजाम देता था।
आरोपियों ने चोरी का माल मेरठ के सलीम ज्वेलर्स को बेचना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने ज्वेलरी शॉप संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना कीमती 60 लाख रुपये और 3 लाख 50 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने तिफरा बिलासपुर, नवा रायपुर और जबलपुर (मध्यप्रदेश) में भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में हासीम खान (24 वर्ष) निवासी श्याम नगर रोड, शालीमार गार्डन, मेरठ तथा सलीम खान (28 वर्ष) निवासी शिवालकास, मेरठ शामिल हैं।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि मेरठ और भोपाल पुलिस के सक्रिय सहयोग से इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।