भिलाई। दुर्ग जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था अब और अधिक तेज, आधुनिक और प्रभावी हो गई है। बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित कार्यक्रम में माननीय स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेंद्र यादव ने दुर्ग पुलिस के डायल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेन सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने 35 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) एवं 04 हाईवे पेट्रोलिंग वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।


कार्यक्रम में मंत्री श्री यादव ने कहा कि राज्य शासन नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपातकालीन सेवाओं को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बना रहा है। उन्होंने कहा कि नए वाहनों के शामिल होने से सड़क दुर्घटनाओं, अपराध एवं अन्य आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना आसान होगा।
इस अवसर पर विधायक दुर्ग ग्रामीण ललित चंद्राकर ने कहा कि डायल-112 सेवा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद सहायता प्रणाली बन चुकी है। नई तकनीक से लैस वाहनों के जुड़ने से पुलिस रिस्पांस और अधिक मजबूत होगा।

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज ने कहा कि फेज-2 नेक्स्ट जेन परियोजना पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक और त्वरित प्रतिक्रिया आधारित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने बताया कि जिले को प्राप्त सभी 39 वाहन विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों में तैनात किए जाएंगे। इन वाहनों में GPS, PTZ कैमरा, डैश कैमरा और मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम के दौरान नवीन डायल-112 वाहनों का प्रदर्शन भी किया गया तथा मीडिया एवं जनप्रतिनिधियों को हाईवे पेट्रोलिंग और त्वरित सहायता प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे, महापौर नीरज पाल, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी और डायल-112 स्टाफ उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में डायल-112 सेवा का उपयोग करें तथा सड़क सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।