दुर्ग |13 अप्रैल 2026 दुर्ग जिले के महमरा स्थित शिवनाथ नदी एनीकेट में एक युवक के डूबने की दुखद घटना सामने आई है। कंट्रोल रूम दुर्ग को प्राप्त सूचना के आधार पर मौके पर तत्काल कार्रवाई करते हुए एस.डी.आर.एफ. (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम को रवाना किया गया।

जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में एस.डी.आर.एफ. टीम घटनास्थल पर पहुँची और रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया। टीम ने नदी में गहन खोजबीन करते हुए कड़ी मेहनत के बाद डूबे युवक के शव को पानी से बाहर निकाला।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ प्रभारी धनीराम यादव के नेतृत्व में जवान चंद्रप्रताप जंघेल, ओंकार, सूरज, शारदा, राजेश यादव, राजेश नेताम, दिलीप, महेश, चंद्रप्रकाश एवं भूपेंद्र सिंह शामिल रहे, जिन्होंने समन्वय और साहस के साथ इस कठिन कार्य को अंजाम दिया।

बरामद शव को आवश्यक कार्रवाई हेतु पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं।
यह घटना एक बार फिर जल स्रोतों के आसपास सतर्कता बरतने की आवश्यकता को रेखांकित करती है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों एवं एनीकेट क्षेत्रों में सावधानी रखें और अनावश्यक जोखिम से बचें।

