दुर्ग। अधिक लाभ का लालच देकर बीटकॉईन निवेश के नाम पर 7 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को सिटी कोतवाली पुलिस ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने निवेश पर प्रतिमाह 12 से 13 प्रतिशत लाभ दिलाने का झांसा देकर महिला से रकम ऐंठी थी।

पुलिस के अनुसार शिक्षक नगर मिनी स्टेडियम के पास निवासी देवकी सोनकर ने थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि पीलादास मानिकपुरी नामक व्यक्ति ने बीटकॉईन में निवेश कराने और हर महीने मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने अलग-अलग समय में नगद और यूपीआई के माध्यम से कुल 7 लाख 50 हजार रुपये प्राप्त किए। शुरुआती दौर में कुछ रकम वापस करने के बाद आरोपी ने शेष राशि लौटाना बंद कर दिया और संपर्क भी तोड़ दिया।

शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली थाना में अपराध क्रमांक 183/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी पीलादास मानिकपुरी (48 वर्ष), निवासी चंगोराभाठा बिजली ऑफिस के पास, थाना डी.डी. नगर, रायपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त विवो कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी कीमत लगभग 10 हजार रुपये बताई जा रही है, जप्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के निवेश, ऑनलाइन ट्रेडिंग या अधिक लाभ के प्रलोभन में आने से पहले संबंधित संस्था और व्यक्ति की पूरी जानकारी एवं सत्यता की जांच अवश्य करें। संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की भी अपील की गई है।