दुर्ग जिले के ग्राम अंडा (गांधी नगर) में रविवार 24 मई 2026 को आध्यात्मिक चेतना, संस्कार जागरण एवं राष्ट्र निर्माण के उद्देश्य से भव्य “108 घरों में गृहे-गृहे गायत्री महायज्ञ ” का विराट आयोजन किया जा रहा है। यह पुण्य आयोजन गायत्री परिवार के प्रेरणास्रोत गायत्री तीर्थ शांतिकुंज के मार्गदर्शन में संपन्न होगा। कार्यक्रम का आयोजन गायत्री परिवार एवं समस्त ग्रामवासी अंडा के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है।

यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में नैतिकता, सद्भाव, संस्कार, नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण एवं सकारात्मक चिंतन के जागरण का महान अभियान माना जा रहा है। गांव के 108 घरों में एक साथ वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञीय वातावरण निर्मित होगा, जिससे सम्पूर्ण क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठेगा।

आयोजकों ने बताया कि यज्ञ के माध्यम से स्वस्थ शरीर, स्वच्छ विचार, सुखी परिवार एवं शक्तिशाली राष्ट्र की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्वान परिजन, गायत्री साधक एवं ग्रामीणजन सामूहिक रूप से भाग लेकर राष्ट्र कल्याण एवं विश्व शांति की मंगलकामना करेंगे।

ग्राम अंडा सहित आसपास के समस्त श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यज्ञ, संस्कार एवं आध्यात्मिक चेतना के इस पुण्य अभियान का लाभ लें तथा अपने जीवन को धन्य बनाएं। यह आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक गौरव और भारतीय सनातन परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बनेगा।