दुर्ग शहर में गहराते जल संकट, बदहाल सफाई व्यवस्था, लंबित पेंशन और कथित भ्रष्टाचार को लेकर सोमवार को कांग्रेस ने नगर निगम कार्यालय के खिलाफ जोरदार हल्लाबोल प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल और नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने निगम कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने पानी संकट के विरोध में निगम गेट के सामने खाली मटके फोड़े और भाजपा सरकार तथा नगर निगम प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गौरव पथ पर जाम जैसी स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने निगम कार्यालय के बाहर दो से तीन लेयर की बैरिकेडिंग और टीन शेड लगाकर सुरक्षा घेरा तैयार किया था, लेकिन प्रदर्शनकारी एक बैरिकेड तोड़ते हुए दूसरे घेरे तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी की स्थिति भी बन गई। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर पानी, बिजली, सफाई, पेंशन और टेंडर अनियमितताओं से जुड़ी समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
महापौर सम्मान बचाने में व्यस्त
प्रदर्शन के दौरान धीरज बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि दुर्ग शहर में पानी, बिजली और सफाई जैसी मूलभूत सुविधाएं चरमरा चुकी हैं, लेकिन महापौर जनता की समस्याएं दूर करने के बजाय राजनीतिक बयानबाजी और अधिकारियों को बंधक बनाने जैसे मुद्दों में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन पिछले छह महीनों से लंबित है, जिससे हजारों हितग्राहियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। शहर के कई वार्डों में या तो पानी नहीं पहुंच रहा या फिर लो-प्रेशर और दूषित पानी की सप्लाई हो रही है।
ट्रिपल इंजन सरकार पूरी तरह फेल
नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले ने कहा कि शहर में कचरा प्रबंधन पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। रविशंकर स्टेडियम और धमधा नाका ओवरब्रिज के पास गंदगी और दुर्गंध से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया है। वहीं वार्डों की सड़क और गलियों की स्ट्रीट लाइटें बंद पड़ी हैं, जिससे रात में अंधेरा पसरा रहता है।
पूर्व गृह मंत्री भी उतरे सड़क पर
पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि दुर्ग की जनता पहली बार पानी जैसी मूलभूत जरूरत के लिए तरस रही है, जो निगम की विफल कार्यप्रणाली का प्रमाण है। पूर्व विधायक अरुण वोरा और जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने भी भाजपा की “ट्रिपल इंजन सरकार” को शहर और प्रदेश में पूरी तरह विफल बताया। प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पार्षद, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।