दुर्ग। उतई स्थित राम जानकी राइस मिल में बुधवार शाम अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 11 मार्च 2026 को शाम लगभग 4:20 बजे उतई स्थित राम जानकी राइस मिल में आग लगने की सूचना अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियों की टीम को तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।

मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि आग राइस मिल में रखे बारदानों (बोरों) की ओर तेजी से फैल चुकी थी। स्थिति को देखते हुए दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभाला और करीब 5 घंटे की कड़ी मशक्कत तथा लगभग 20 टैंकर पानी की मदद से आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा है कि अगर समय रहते अग्निशमन दल मौके पर नहीं पहुंचता तो आग और भी विकराल रूप ले सकती थी। अग्निशमन कर्मियों की तत्परता और टीमवर्क के चलते एक बड़ी घटना टल गई और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल आग लगने का कारण अज्ञात बताया जा रहा है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस कार्रवाई में अग्निशमन दल प्रभारी भगवती बंजारे, धन्नु यादव और केशव यादव सहित अग्निशमन कर्मचारी कुलेश्वर, शैलेंद्र, तामेश्वर, नरोत्तम टंडन, संतोष मडरिया, जितेंद्र, उमेश, जयशंकर, जयराम गौरव और जागेंद्र ने सक्रिय भूमिका निभाई।
जिला सेनानी एवं जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में अग्निशमन दल की तत्परता से आगजनी की इस घटना को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।