दुर्ग जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के नवनियुक्त पदाधिकारियों की प्रथम संगठनात्मक बैठक गुरुवार को जिला कांग्रेस भवन में हुई। इस बैठक में जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने नवनियुक्त टीम में जोश भरते हुए साफ़ कर दिया कि अब कांग्रेस चुनावी मोड में काम करेगी।
बैठक की शुरुआत नवनियुक्त पदाधिकारियों के परिचय सत्र से हुई। इस दौरान जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने सभी जिला पदाधिकारियों एवं ब्लॉक अध्यक्षों को नियुक्ति प्रमाण पत्र और आधिकारिक परिचय पत्र प्रदान किए। उन्होंने सभी को संगठन के प्रति समर्पित रहने की बात कही। संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए राकेश ठाकुर ने ब्लॉक अध्यक्षों को कड़ा निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉक अध्यक्ष शीघ्र अपनी कार्यकारिणी का गठन करें। ठाकुर ने स्पष्ट किया कि समर्पण, अनुशासन और सक्रियता ही संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाएगी।
चारों विधानसभा में जीत का लक्ष्य
अपने संबोधन में राकेश ठाकुर ने कार्यकर्ताओं में ऊर्जा का संचार करते हुए कहा कि दुर्ग (ग्रामीण) जिला अंतर्गत चारों विधानसभा सीटें पाटन, अहिवारा, दुर्ग (ग्रामीण) और साजा को वर्ष 2028 में भारी मतों से जीतना है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए हमें आज से ही योजनाबद्ध तरीके से मेहनत प्रारंभ करनी होगी।
इन ब्लॉक अध्यक्षों को सौंपा गया जिम्मा
बैठक में राजेश ठाकुर, मोहन साहू, मनहरण यादव, श्रीकांत वर्मा, उमेश साहू, संतोष बाफना, देवेंद्र देशमुख, कमलेश साहू और शिवकुमार वर्मा को विधिवत नियुक्ति पत्र सौंपे गए। बैठक में विक्रांत अग्रवाल, विशाल देशमुख, जयप्रकाश चंद्राकर, महेंद्र वर्मा, तरूण बिजौर, पुरूषोत्तम तिवारी, जयश्री वमा मौजूद रहे।