AI Photo
दुर्ग। जिले के लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) में गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। ठेकेदारों से कमीशन मांगने और भुगतान रोकने के आरोप को लेकर प्रदेश युवा कांग्रेस एवं जिला युवा कांग्रेस ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
आरोप है कि धमधा क्षेत्र में पदस्थ एसडीओ प्रकाश सिंह ठाकुर द्वारा ठेकेदारों से बिल पास कराने से पहले कमीशन की मांग की जा रही है। ठेकेदारों का कहना है कि कार्य पूर्ण होने के बाद भी अंतिम देयक बिल तैयार नहीं किए जा रहे हैं। विरोध करने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी जाती है तथा वरिष्ठ अधिकारियों का नाम लेकर दबाव बनाया जाता है।

युवा कांग्रेस पदाधिकारियों ने बताया कि मामले की शिकायत जिला प्रशासन से की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिवस के भीतर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई नहीं हुई और ठेकेदारों का उत्पीड़न बंद नहीं किया गया, तो 27 फरवरी 2026, शुक्रवार को दोपहर 1 बजे PHE कार्यालय के सामने मंत्री अरुण साव का पुतला दहन किया जाएगा।
इसके साथ ही 9 मार्च 2026, सोमवार से PHE कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा, जो संबंधित अधिकारी को बर्खास्त किए जाने तक जारी रहेगा। आंदोलन की पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
युवा कांग्रेस ने कहा कि यह आंदोलन प्रदेश युवा कांग्रेस एवं जिला युवा कांग्रेस के मार्गदर्शन में किया जाएगा।