The shadow of witchcraft and magic reigns at Kelabari Primary School! Vandalism and theft cause panic
शिक्षा मंत्री के गृह क्षेत्र में ही स्कूल असुरक्षित: पंखे चोरी, फर्नीचर क्षतिग्रस्त
दुर्ग। प्राथमिक शाला केलाबाड़ी में अज्ञात तत्वों द्वारा तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधियां किए जाने के बाद स्कूल परिसर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ और चोरी की घटना सामने आई है। शरारती तत्वों ने कक्षाओं में रखे फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया, कई पंखे चोरी कर लिए गए, जबकि कुछ पंखों को तोड़-मरोड़ कर खराब कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल के शिक्षकों ने संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इस घटना के बाद शिक्षकों और बच्चों में भय और दहशत का माहौल बन गया है। शिक्षकों का कहना है कि आए दिन असामाजिक तत्व स्कूल परिसर में घुस जाते हैं। पहले भी कई बार ताले तोड़े जा चुके हैं, जिसकी शिकायत पुलिस में की जा चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मामला “दिया तले अंधेरा” कहावत को चरितार्थ करता है, क्योंकि प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का निवास दुर्ग में ही है और उनका सेवा सदन इस स्कूल से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था बेहद जर्जर बनी हुई है।
शिक्षकों ने स्कूल में सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति, बाउंड्रीवाल और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।