शराब सेवन पर पुलिस कार्रवाई के बाद बढ़ा विवाद: ग्रामीणों ने थाना घेरा, दुर्व्यवहार और वसूली के लगाए आरोप
अण्डा (दुर्ग)। थाना अण्डा पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन के आरोप में की गई कार्रवाई अब विवाद का रूप लेती दिखाई दे रही है। कार्रवाई से नाराज दो दर्जन से अधिक ग्रामीण थाना पहुंचे और पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार, मारपीट तथा कथित रूप से रुपये लेने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, 13 जून 2026 को जंजगिरी तिराहा में पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने के आरोप में चार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की थी। इसके बाद ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर पूरे मामले पर आपत्ति जताई।

ग्रामीणों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। शिकायत में यह भी कहा गया कि गांव के एक पूर्व सरपंच के साथ कथित रूप से थप्पड़ मारने जैसी घटना हुई, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ गई। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि बिना किसी मशीन या वैज्ञानिक परीक्षण के लोगों को रास्ते से उठाकर पुलिस वाहन में बैठाकर थाना लाया गया तथा अनुचित व्यवहार किया गया।

विवाद के केंद्र में जंजगिरी निवासी तेजय कुमार देशमुख (43), गुणवंत लाल साहू (57), महेश कुमार साहू (43) तथा बोरीगारका निवासी अरविंद साहू (35) हैं, जिनके विरुद्ध पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने कार्रवाई को बताया वैधानिक
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि मुखबिर की सूचना के आधार पर जंजगिरी तिराहा में सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन कर रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार मौके से शराब, खाली बोतल, डिस्पोजल गिलास सहित अन्य सामग्री जब्त की गई और मेडिकल परीक्षण में शराब सेवन की पुष्टि होने के बाद नियमानुसार गिरफ्तारी और वैधानिक कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी ने जांच का दिया भरोसा
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी श्रद्धा पाठक ने ग्रामीणों से प्राप्त आवेदन स्वीकार कर लिया है। शिकायत में नामजद दिलीप राउत, राजेश कुमार साहू सहित अन्य पुलिसकर्मियों के संबंध में वरिष्ठ अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर जांच कराने और तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। अब पूरे मामले पर लोगों की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं।