जन्मदिवस पर जनआशीर्वाद और प्रभु सिद्धिविनायक का आशीष: मंत्री गजेंद्र यादव ने नगरवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की
दुर्ग। दुर्ग शहर के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव ने अपने जन्मदिवस के अवसर पर नागरिकों, शुभचिंतकों एवं योगा मित्र मंडल द्वारा व्यक्त किए गए स्नेह और शुभकामनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उन्होंने शहर के दादा-दादी एवं नाना-नानी पार्क में उपस्थित होकर वरिष्ठजनों, साथियों एवं नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की और सभी का स्नेह स्वीकार किया।

मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि लोगों का विश्वास, प्रेम और शुभेच्छाएं उनके लिए अमूल्य पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि जनकल्याण और समाजहित के कार्यों के प्रति नागरिकों का समर्थन उन्हें अधिक ऊर्जा, जिम्मेदारी और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

जन्मदिवस के अवसर पर उन्होंने इंदिरा मार्केट स्थित नगरदेवता श्री सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश से नगरवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य, शांति एवं निरंतर प्रगति की कामना की।

उन्होंने प्रार्थना व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान श्री सिद्धिविनायक की कृपा से दुर्ग नगर विकास, सद्भाव और जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे तथा प्रत्येक नागरिक का जीवन सुख, शांति और मंगल से परिपूर्ण हो।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता, नागरिक एवं शुभचिंतक उपस्थित रहे और मंत्री गजेंद्र यादव को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।

