दुर्ग शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़कों को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में पहल शुरू किया गया है। इस क्रम में शहर के भीतर पहली फोरलेन सड़क के निर्माण के लिए मंत्री गजेन्द्र यादव ने भूमिपूजन किया। लगभग 2.67 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली यह सड़क शहरवासियों को वर्षों पुरानी जाम की समस्या से निजात दिलाएगी।
480 मीटर का हिस्सा बनेगा मॉडल रोड
यह फोरलेन सड़क धमधा-बेमेतरा अंडरब्रिज से लेकर अग्रसेन चौक तक बनाई जाएगी। इसकी कुल लंबाई लगभग 480 मीटर होगी। इसकी लागत 2 करोड़ 67 लाख 89 हजार रुपए होगी। इस मार्ग पर व्यावसायिक दबाव अधिक होने के कारण अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जो अब समाप्त हो जाएगी।
दुर्ग में बनेंगे 5 फोरलेन
भूमिपूजन के दौरान मंत्री यादव ने कहा कि हमने चुनाव के दौरान जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने का समय आ गया है। दुर्ग शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए हमने 5 स्थानों पर फोरलेन सड़कों की योजना बनाई है, जिसकी शुरुआत आज इस पहले प्रोजेक्ट से हो रही है।
आयोजनों के लिए डोम शेड
सड़क निर्माण के साथ ही मंत्री ने अग्रसेन चौक के पास जनसुविधाओं के विस्तार की भी घोषणा की। यहां 15 लाख की अतिरिक्त लागत से राम मंदिर के पीछे दो डोम शेड बनाए जाएंगे। इसके एक हिस्सा व्यापारियों के बैठने के लिए व्यवस्थित होगा, जबकि दूसरा हिस्सा सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए समर्पित रहेगा।