Villagers protest against land allotment for STF housing
दुर्ग। ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी में सरकारी जमीन के आवंटन को लेकर प्रशासन और ग्रामीणों के बीच ठन गई है। एसटीएफ (STF) बटालियन द्वारा आवास निर्माण के लिए मांगी गई जमीन पर पंचायत ने असहमति जताई है।

दुर्ग से लगे और शिवनाथ नदी के पास स्थित ग्राम पंचायत पीपरछेड़ी के सरपंच सहित सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण आज कलेक्टर जनदर्शन में पहुंचे। और एसटीएफ बटालियन के कर्मचारियों के आवास निर्माण के लिए मांगी गई जमीन पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताते हुए शासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी किया। वही ग्रामीणों ने कलेक्टर परिसर में ही घंटों बैठकर अपनी मांगों को मजबूती से प्रशासन के सामने रखा।
ग्राम पंचायत द्वारा कलेक्टर दुर्ग को लिखित पत्र भेजकर बताया गया है कि यह जमीन गांव के विकास कार्यों के लिए पहले से प्रस्तावित है। पंचायत ने इस भूमि पर प्रशिक्षण भवन, व्यावसायिक परिसर, बच्चों के लिए खेल मैदान जैसे कार्यों की योजना बनाई है। इसी आधार पर पंचायत ने एसटीएफ के लिए भूमि आवंटन प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है।
विशेष बैठक में सरपंच और ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जमीन देने से इनकार कर दिया। पंचायत का तर्क है कि गांव के पास पहले से जमीन की कमी है और प्रस्तावित भूमि पर खेल मैदान, प्रशिक्षण भवन और व्यावसायिक परिसर बनाना तय है। फिलहाल, नायब तहसीलदार ने विभागों से अभिमत मांगा है। अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की विकास योजनाओं और जवानों की आवासीय जरूरतों के बीच क्या तालमेल बैठाता है।