भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने केंद्रीय बजट 2026 पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए इसे ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किया गया यह बजट केवल एक वित्तीय दस्तावेज नहीं, बल्कि वर्तमान के सपनों को साकार करने वाला और भविष्य के भारत की नींव रखने वाला अपार अवसरों का राजमार्ग है।
पांडेय ने कहा कि हम केवल तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनकर संतुष्ट नहीं हैं, बल्कि हमारा लक्ष्य जल्द से जल्द दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनना है। भारत जिस रिफॉर्म की राह पर चल रहा है, इस बजट से उसे जबरदस्त गति मिलेगी। बजट की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने सनराइज सेक्टर की मजबूती को अहम बताया। कहा कि रेयर अर्थ कॉरिडोर और क्रिटिकल मिनरल्स पर बल दिया गया है। टेक्सटाइल और हाईटेक टूल मैनुफैक्चरिंग को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया है। हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और टियर-2 व टियर-3 शहरों के विकास से विकसित भारत का सपना सच होगा।
युवा शक्ति और ऑरेंज इकोनॉमी
सरोज पांडेय ने इस बजट को युवा शक्ति बजट करार दिया। उन्होंने कहा कि ऑरेंज इकोनॉमी, पर्यटन और खेलो इंडिया मिशन के माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे। भारत को दुनिया का डाटा सेंटर हब बनाने के लिए टैक्स में दी गई छूट एम्प्लॉयमेंट जनरेशन में मील का पत्थर साबित होगी।
महिला सशक्तिकरण, हर घर पहुंचेगी लक्ष्मी
महिला स्वयं सहायता समूहों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि देश की 10 करोड़ से अधिक महिलाएं इस सिस्टम से जुड़ी हैं। बजट में इन समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के लिए एक व्यवस्थित सिस्टम बनाने पर ध्यान दिया गया है। हर जिले में गल्र्स हॉस्टल का निर्माण कर शिक्षा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। सरकार का उद्देश्य है कि आर्थिक सशक्तिकरण के जरिए हर घर लक्ष्मी पहुंचे।