शिवनाथ नदी के तट पर बसी धर्मनगरी दुर्ग के ऐतिहासिक भगवान श्री लंगूरवीर मंदिर (शनिचरी बाजार) में शनिवार 31 जनवरी को वार्षिक महोत्सव और दुर्ग मंडई मेला की धूम रहेगी। आस्था, परंपरा और आधुनिकता के इस संगम में जहां एक ओर कलयुग के महामंत्र रामलेखन का आगाज होगा, वहीं दूसरी ओर भक्तिमय गीतों की स्वरलहरी गूंजेगी।
इस वर्ष का महोत्सव बेहद खास होने वाला है। मंदिर पब्लिक ट्रस्ट द्वारा पहली बार भगवान लंगूरवीर की विशेष आरती (गीत) रिलीज की जा रही है। इसका शुभारंभ प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव और प्रसिद्ध गायक कार्तिक यादव के हाथों होगा। श्रद्धालुओं के लिए इस बार रामलेखन महायज्ञ एक बड़ा आकर्षण है। मंदिर ट्रस्ट ने एक विशाल पुस्तिका की व्यवस्था की है, जिसमें भक्त राम नाम लिखेंगे। यह पवित्र पुस्तिका हर साल दिसंबर माह में अयोध्या धाम ले जाई जाएगी और भगवान रामलला के चरणों में समर्पित की जाएगी।
सुबह 7 बजे से शुरू होंगे अनुष्ठान
ट्रस्ट के सचिव रविशंकर ढीमर ने बताया कि उत्सव की शुरुआत शनिवार सुबह 7 बजे भगवान लंगूरवीर के महाअभिषेक और विशेष पूजा-अर्चना के साथ होगी। पंडित खेमंत प्रसाद तिवारी (राजू महाराज) के सानिध्य में सभी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। मंदिर को फूलों और रंग-बिरंगी लाइटों से दुल्हन की तरह सजाया गया है।
सुनील और जितेंद्र बिखेरेंगे जलवा
मेले के दौरान शाम को छत्तीसगढ़ के दिग्गज कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इनमें जितेंद्र साहू कृत सोनहा बादर की प्रस्तुति शामिल है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ी स्टार सिंगर सुनील सोनी कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। लीलाधर चतुर्वेदी (सूरदास) और खिलेश यादव भजन प्रस्तुत करेंगे, वहीं नीलकमल वैष्णव की गायकी और ओपी देवांगन का बांसुरी वादन होगा।