दुर्ग जिले के जनपद पंचायत पाटन की ग्राम पंचायत पतोरा में पंचायत सचिव और जनप्रतिनिधियों के बीच का विवाद अब चरम पर पहुंच गया है। सचिव महेन्द्र साहू के कथित मनमाने रवैये से नाराज सरपंच और पंचों ने जिला पंचायत सीईओ को अल्टीमेटम दिया है कि यदि शनिवार तक सचिव का तबादला नहीं हुआ, तो पूरा पंचायत बॉडी सामूहिक इस्तीफा दे देगा। इतना ही नहीं, सोमवार से पंचायत भवन में तालाबंदी का भी ऐलान किया गया है।

सरपंच भुनेश्वर साहू के नेतृत्व में जिला पंचायत पहुंचे 18 पंचों ने सीईओ बजरंग दुबे को सौंपे ज्ञापन में सचिव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जनप्रतिनिधियों का आरोप है कि सचिव पंचायत के फैसलों को दरकिनार कर अपनी मर्जी से काम करते हैं। सचिव अक्सर कार्यालय से गायब रहते हैं, जिससे ग्रामीणों के काम प्रभावित हो रहे हैं। मामले में दिलचस्प बात यह है कि स्वयं सचिव भी दो बार ट्रांसफर के लिए आवेदन दे चुके हैं, लेकिन प्रशासन मौन बैठा है।
सांसद विजय बघेल ने भी दिया समर्थन
पंचायत प्रतिनिधियों ने इस मामले में सांसद विजय बघेल से भी मुलाकात की है। बताया जा रहा है कि सांसद ने भी जनप्रतिनिधियों की मांग को जायज ठहराते हुए अधिकारियों को नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। जिला पंचायत सीईओ ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही उचित आदेश जारी किए जाएंगे।
शनिवार डेडलाइन, सोमवार से तालाबंदी
पंचायत प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कर दिया है कि शिकायत पर पहले ही जांच पूरी हो चुकी है, बयान दर्ज हो चुके हैं, फिर भी आदेश जारी नहीं किया जा रहा है। ऐसे अगर शनिवार तक सचिव को नहीं हटाया गया, सामूहिक इस्तीफा सौंप दिया जाएगा।