भिलाई। कोलकाता में आयोजित ऑल इंडिया ओपन स्पीड रोलर स्केटिंग चैम्पियनशिप में छत्तीसगढ़ के स्केटर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 से अधिक मेडल अपने नाम किए। इस उपलब्धि में भिलाई के खिलाड़ियों ने खास पहचान बनाई। प्रतियोगिता में भिलाई से शामिल हुए सभी 8 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।

देशभर से 400 से अधिक खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भिलाई के स्केटर्स ने अपनी मेहनत, अनुशासन और जज्बे का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की सफलता के पीछे उनकी लगातार तैयारी और कठिन अभ्यास को बड़ी वजह माना जा रहा है।


प्रतियोगिता में बतौर ऑफिशियल शामिल रहे और छत्तीसगढ़ में स्केटिंग को नई पहचान दिलाने वाले कोच दलजीत सिंह ने बताया कि खिलाड़ियों ने कठिन परिस्थितियों और चोटों के बावजूद शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि आने वाले समय में प्रदेश में स्केटिंग को और मजबूती देगी।

वहीं खिलाड़ियों ने बताया कि चैम्पियनशिप की तैयारी के लिए वे पिछले दो महीने से लगातार अभ्यास कर रहे थे। रोज सुबह 4 बजे से रोड रेस की ट्रेनिंग और इसके बाद करीब दो घंटे रिंग में अभ्यास किया जाता था। इसी अनुशासन और मेहनत का परिणाम पदकों के रूप में सामने आया।
मैडल जीतने के बाद खिलाड़ियों और उनके परिवारों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। खिलाड़ियों ने आगे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य रखा है।
