दुर्ग। दुर्ग जिले को एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात मिलने की घोषणा की गई है। जिला क्रीड़ांगन समिति की बैठक में पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम परिसर के पुनर्विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम निर्माण को लेकर महत्वपूर्ण सहमति बनी है। लेकिन इस घोषणा के साथ पुराने अधूरे वादों की चर्चा भी तेज हो गई है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि बैडमिंटन कोर्ट को छोड़कर पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम की शेष भूमि को छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के माध्यम से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को 33 वर्षों की लीज पर देने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा जाएगा। स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि को अतिक्रमण मुक्त करने और जर्जर संरचनाओं को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

लोक निर्माण विभाग की रिपोर्ट के आधार पर पंडित रविशंकर शुक्ल स्टेडियम और मानस भवन को जर्जर एवं अनुपयोगी घोषित कर उनके अपलेखन पर सहमति बनी है। साथ ही परिसर में संचालित दुकानों को अनुबंध शर्तों के अनुसार नोटिस देकर हटाने की तैयारी की जा रही है।

बैठक में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि नया अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनने से दुर्ग प्रदेश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल होगा और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मिलेंगी।

पुराना वादा फिर चर्चा में
इस नई घोषणा के साथ वर्ष 2017 की वह घोषणा भी चर्चा में आ गई है, जब तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने रविशंकर शुक्ल स्टेडियम के जीर्णोद्धार और विकास का आश्वासन दिया था। उस समय भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. सरोज पांडे की पहल के बाद स्टेडियम को संवारने की बात कही गई थी।
स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि लगभग एक दशक बीतने के बाद भी स्टेडियम की स्थिति में अपेक्षित बदलाव नहीं दिखा और परिसर लंबे समय तक जर्जर हालत में बना रहा।

अब बड़ा सवाल यह है कि क्या इस बार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की घोषणा जमीन पर उतर पाएगी या यह भी पिछले वादों की तरह फाइलों तक सीमित रह जाएगी।
फिलहाल जिला प्रशासन ने इसे खेल अधोसंरचना के बड़े बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है और संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर कलेक्टर अभिजीत सिंह, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, अहिवारा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, महापौर अलका बाघमार, नगर निगम दुर्ग आयुक्त सुमित अग्रवाल, अपर कलेक्टर विरेन्द्र सिंह, संयुक्त कलेक्टर हरवंश मिरी, डिप्टी कलेक्टर उत्तम धु्रव, कबड्डी संघ अध्यक्ष शशी बघेल, अध्यक्ष चेम्बर ऑफ कामर्स प्रहलाद रूंगटा, कोच एवं क्रिकेट खिलाड़ी संजीव श्रीवास्तव, अध्यक्ष जिला क्रिकेट संघ विजय अग्रवाल, विनय गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य व अधिकारीगण उपस्थित थे।