अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दुर्ग जिले के ग्राम कुथरेल में योग, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संगम देखने को मिला। शांतिवन प्रखर वेलफेयर फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा चंद्राकर भवन में आयोजित सामूहिक योग कार्यक्रम में सैकड़ों ग्रामीणों ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में जनपद सभापति लोमस चंद्राकर, ग्राम सरपंच गीता गजपाल, पूर्व सरपंच राजश्री प्रेरणा चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षण का संचालन आर्ट ऑफ लिविंग के योग प्रशिक्षक प्रदीप चंद्राकर ने किया। प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम, ध्यान और विभिन्न शारीरिक अभ्यासों में हिस्सा लिया।
योग को बताया स्वस्थ जीवन की कुंजी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन का माध्यम है। नियमित योग से तनाव कम होता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और व्यक्ति का समग्र विकास होता है। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली में बढ़ती स्वास्थ्य समस्याओं के बीच योग लोगों को स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जीने की दिशा देता है। इसलिए इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना

योग के साथ पर्यावरण संरक्षण का अभियान
शांतिवन प्रखर वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रेमलाल देशमुख ने बताया कि संस्था पिछले तीन वर्षों से लगातार अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन कर रही है। इसके साथ ही संस्था पर्यावरण संरक्षण और शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पिसेगांव, जंजगिरी और कुथरेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक वृक्षारोपण अभियान संचालित किया जा रहा है। संस्था का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति भी जागरूक करना है।
पौधरोपण का दिया संदेश
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों का सम्मान पारंपरिक स्मृति चिन्ह के बजाय बादाम का पौधा भेंट कर किया गया। इस पहल को उपस्थित लोगों ने सराहा और इसे पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संदेश बताया।

सामाजिक सरोकारों की सराहना
अतिथियों ने कहा कि योग और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषयों पर निरंतर कार्य कर रही संस्था समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ सामाजिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं। कार्यक्रम में फाउंडेशन के सचिव नागेंद्र चंद्राकर, सहसचिव वेदु साहू, कोषाध्यक्ष किशोर देशमुख, कमलेश देशमुख, मेनका देशमुख, हेमेंद्र चंद्राकर, धर्मेंद्र, राजू चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
