दुर्ग। हेमचंद यूनिवर्सिटी के सामने सोमवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई जब सड़क किनारे खड़ी एक कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और समय रहते आग पर काबू पाकर बड़ी घटना होने से रोक लिया।

जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 जून 2026 को लगभग 11:13 बजे राहुल प्रधान की कार क्रमांक CG07BB0531 हेमचंद यूनिवर्सिटी के सामने खड़ी थी। इसी दौरान कार में अचानक आग भड़क उठी और कुछ ही समय में लपटों ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन कार्यालय दुर्ग को दी गई।

सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की एक दमकल टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई। मौके पर पहुंचकर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कार से तेज आग की लपटें निकल रही हैं। टीम ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण प्राप्त किया और आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोक लिया।

अग्निशमन विभाग के अनुसार, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है तथा इसकी जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के मार्गदर्शन में किए गए इस अभियान में अग्निशमन दल प्रभारी प्रवीण बारा तथा कर्मचारी प्रवीन सिन्हा, पराग भोसले, जयराम, राहुल कुमार एवं महेन्द्र चन्देल ने सक्रिय भूमिका निभाई। टीम की त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई।
