दुर्ग। रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब स्टेशन पर खड़ी कोयला लदी मालगाड़ी के एक बोगी में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना तत्काल अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा दुर्ग को दी गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर लगभग 11:55 बजे आग लगने की सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन कार्यालय से एक दमकल वाहन एवं टीम को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि कोयला बोगी से तेज लपटें निकल रही थीं और आग अन्य डिब्बों तक फैलने की आशंका बनी हुई थी।

अग्निशमन दल ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण प्राप्त किया तथा आग को आसपास के अन्य डिब्बों तक फैलने से रोक लिया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है और इसे अज्ञात माना जा रहा है।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से बड़ी दुर्घटना टल गई।

इस अभियान में अग्निशमन दल प्रभारी धन्नु यादव तथा कर्मचारी संतोष, निखिल, रमेश, योगेश एवं हरीश ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
