दुर्ग जिले के अंजोरा स्थित कामधेनु विश्वविद्यालय में जैविक खेती को लेकर बड़ी कार्यशाला का आयोजन किया गया। भाजपा किसान मोर्चा की इस पहल में जिलेभर से एक हजार से ज्यादा किसान शामिल हुए। कार्यक्रम में जैविक खेती को किसानों की आय बढ़ाने और खेती को नई दिशा देने वाला बताया गया।

भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा जिला दुर्ग द्वारा आयोजित इस कार्यशाला में किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती के आधुनिक तरीकों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ने कहा कि जैविक खेती सिर्फ खेती का तरीका नहीं बल्कि किसानों की आर्थिक मजबूती और पर्यावरण संरक्षण का माध्यम है। उन्होंने किसानों से रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक खेती को अपनाने की अपील की।

राजनीतिक मंच से किसानों को साधने की कवायद के बीच भाजपा नेताओं ने जैविक खेती को लेकर सरकार की योजनाओं और किसानों के हितों पर भी बात रखी। कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र, दुर्ग महापौर अल्का बाघमार, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर और जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन,माया बेलचंदन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष रोहित राजपूत ने कहा कि जैविक खेती को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यशाला में किसानों ने जैविक खेती के फायदे समझे और इसे अपनाने का संकल्प लिया। अंजोरा की इस कार्यशाला में किसानों की बड़ी मौजूदगी ने साफ संकेत दिया कि दुर्ग जिले में जैविक और प्राकृतिक खेती को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है।
