श्री साई मंदिर समिति, सिविल लाइन कसारीडीह की नवगठित कार्यकारिणी ने मंदिर के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी कड़ी में समिति के पदाधिकारियों ने विभिन्न जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों से सौजन्य मुलाकात कर मंदिर के सर्वांगीण विकास को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।

समिति का प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष धनेंद्र कांत चंदेल और सचिव धीरेंद्र शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, सर्व ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुरेंद्र शर्मा, समाजसेवी राकेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिकों से मिला। मुलाकात के दौरान मंदिर के विकास, धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों के विस्तार, श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं के उन्नयन तथा भविष्य की योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने नवगठित कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि नई टीम मंदिर की गतिविधियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

बैठक में यह भी विचार रखा गया कि साई मंदिर केवल आस्था का केंद्र ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सेवा और जनकल्याण की गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बने। जनप्रतिनिधियों ने मंदिर के विकास संबंधी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समिति अध्यक्ष धनेंद्र कांत चंदेल ने कहा कि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और मंदिर परिसर में धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों का विस्तार करना समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों के मार्गदर्शन से मंदिर विकास की योजनाओं को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर उपाध्यक्ष मुरलीधर राऊत, संतोष यदु, सहसचिव संतोष खिरोड़कर, कोषाध्यक्ष रामेंद्र वंजारी, प्रचार मंत्री नारायण दत्त तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य आर.के. भटनागर, रोमनाथ साहू, प्रकाश शिवणकर सहित समिति के अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।