दुर्ग के कसारीडीह स्थित सार्वजनिक श्री साई महोत्सव समिति के चुनाव में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला। रविवार को हुए मतदान में धनेंद्र कांत चंदेल अध्यक्ष और धीरेंद्र शर्मा सचिव निर्वाचित घोषित किए गए। परिणाम सामने आते ही समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों की थाप, आतिशबाजी और नाच-गाने के बीच जीत का जश्न देर रात तक चलता रहा।
अध्यक्ष पद के मुकाबले में धनेंद्र कांत चंदेल ने दो बार के अध्यक्ष रहे श्रीकांत समर्थ को 28 वोटों से पराजित किया। चंदेल को 88 वोट मिले, जबकि श्रीकांत समर्थ को 60 मत प्राप्त हुए। वहीं सचिव पद पर धीरेंद्र शर्मा ने शानदार जीत दर्ज करते हुए सुधीर वाघ को 40 मतों से हराया। शर्मा को 95 वोट मिले, जबकि सुधीर वाघ को 55 मतों से संतोष करना पड़ा।
176 में से 153 सदस्यों ने किया मतदान
चुनाव में कुल 176 मतदाता सदस्यों में से 153 ने मतदान किया। अध्यक्ष पद के 5 और सचिव पद के 3 मत निरस्त घोषित किए गए। मुख्य चुनाव अधिकारी रमेश दीक्षित के मार्गदर्शन में पूरी चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सहायक चुनाव अधिकारियों में संतोष यदु, जयंत खिरोड़कर और नारायण दत्त तिवारी शामिल रहे।
अनुभव पर जताया भरोसा
वनिर्वाचित अध्यक्ष धनेंद्र कांत चंदेल इससे पहले लगातार चार बार समिति के सचिव रह चुके हैं। वहीं धीरेंद्र शर्मा भी उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं।चुनाव परिणाम के बाद मंदिर परिसर में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दोनों विजेताओं को सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बधाई दी।
बधाई देने वालों की लगी कतार
जीत पर उन्हें सर्व ब्राह्मण समाज अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष राजीव पांडेय समाजसेवी राकेश शर्मा, दुर्ग प्रेस क्लब अध्यक्ष अरुण मिश्रा, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, धीरज बाकलीवाल, पूर्व सभापति राजेश यादव, कांग्रेस नेता अजय शर्मा, मनोहर सोनी, पवन बढजातिया, अल्ताफ अहमद, पार्षद प्रकाश गीते, दीपक साहू, संजय अग्रवाल, कंचन शुक्ला, संजयडहरवाल, जिला भाजपा कोषाध्यक्ष राकेश सेन, शीतला मंदिर समिति अध्यक्ष रोमनाथ साहू, साई मंदिर समिति के वरिष्ठ सदस्य विपिन बोहरा, रमेश शर्मा, मुरलीधर राऊत, रामेंद्र बंजारी, डॉ. सुधीर हिशिकर, संतोष खिरोड़कर, प्रकाश शिवणकर, गणेश निर्मलकर, अजय सुरपाम, डॉ. एमके साहू, प्रभाकर राव पाटने, ईश्वर अग्रवाल, अतुल मढरिया, नारायण साहू, राजू साहू, अरविंद लोखंडे के अलावा अन्य सदस्यों एवं श्रद्धालुओं द्वारा बधाई दी गई है।