दुर्ग, 10 जून। थोक फल एवं सब्जी व्यापारी संगठन दुर्ग के कार्यकारी अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता नासिर खोखर ने कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन सौंपकर फुटकर सब्जी विक्रेताओं की समस्याओं के निराकरण की मांग की है। ज्ञापन में फुटकर व्यापारियों को पर्याप्त मात्रा में चिल्लर नोट एवं सिक्के उपलब्ध कराने तथा थोक फल-सब्जी मंडी क्षेत्र से आवारा मवेशियों को हटाने की मांग की गई है।

नासिर खोखर ने बताया कि फुटकर सब्जी विक्रेताओं को रोजमर्रा के व्यापार में सबसे अधिक आवश्यकता चिल्लर नोट और सिक्कों की होती है, लेकिन बैंकों द्वारा उनकी जरूरत के अनुसार चिल्लर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। इसके कारण व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि एसबीआई सहित अन्य बैंकों के माध्यम से प्रत्येक माह फुटकर व्यापारियों को पर्याप्त मात्रा में चिल्लर नोट और सिक्के उपलब्ध कराए जाएं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि थोक फल-सब्जी मंडी दुर्ग में आवारा मवेशियों की समस्या लगातार बढ़ रही है। मंडी आने वाले व्यापारी, ग्राहक और वाहन चालक इससे परेशान हैं तथा कई बार दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। नगर निगम और संबंधित विभागों को शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

नासिर खोखर ने कलेक्टर से मांग की है कि मंडी क्षेत्र में नियमित रूप से आवारा मवेशियों को हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
