नशे के कारोबार के खिलाफ दुर्ग रेंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 7.88 करोड़ रुपए मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत नष्टीकरण किया है। थाना पुलगांव के एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में जब्त की गई भारी मात्रा में अफीम और अफीम डोडा को न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के एसएमएस-3 प्लांट में नष्ट किया गया।
यह कार्रवाई दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अभिषेक शांडिल्य की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में की गई। नष्टीकरण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, आबकारी उपायुक्त शशांक कुमार सहित पुलिस, पर्यावरण विभाग और बीएसपी के अधिकारी मौजूद रहे।
थाना पुलगांव के अपराध क्रमांक 247/2026 में एनडीपीएस एक्ट के तहत जब्त किए गए 14 लाख 30 हजार 100 अफीम के पौधे, जड़, तना, पत्ती, फूल और फल सहित कुल 62 हजार 422 किलो से अधिक मादक पदार्थ को नष्ट किया गया।
इसके अलावा 62.540 किलोग्राम अफीम डोडा और 572 ग्राम अफीम मिश्रित डोडा बुक्की भी नष्टीकरण की कार्रवाई में शामिल रही।
पर्यावरणीय मानकों का रखा गया पूरा ध्यान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मादक पदार्थों के नष्टीकरण से पहले पर्यावरण विभाग और अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति ली गई। इसके बाद निर्धारित सुरक्षा मानकों और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए बीएसपी के उच्च तापमान वाले प्लांट में इन्हें पूरी तरह नष्ट किया गया।
नशे के कारोबार पर कड़ा संदेश
दुर्ग पुलिस ने कहा कि प्रदेश में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध मादक पदार्थों के उत्पादन, परिवहन व बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।