मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सरकार द्वारा प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे सुशासन तिहार को लेकर कांग्रेस ने तीखा हमला बोला है। जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि सुशासन तिहार अब भाजपा सरकार के लिए उपलब्धि नहीं, बल्कि गले की फांस बन चुका है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में आयोजित कार्यक्रमों में जनता का आक्रोश, मूलभूत सुविधाओं की कमी और सरकारी व्यवस्था की नाकामी खुलकर सामने आ रही है। बाकलीवाल ने कहा कि भाजपा सरकार भले ही सुशासन का दावा कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में पानी, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, आवास और किसानों से जुड़े मुद्दों पर जनता परेशान है, जबकि सरकार उत्सव मनाने में व्यस्त है।
कवर्धा से रायगढ़ तक उठे सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि कवर्धा में सुशासन तिहार के दौरान सवाल पूछने और वीडियो बनाने पर पत्रकार के साथ भाजपा नेताओं द्वारा कथित मारपीट और अभद्रता की घटना लोकतंत्र पर हमला है। वहीं बागबाहरा में एक महिला ने मुख्यमंत्री के सामने महतारी वंदन योजना और प्रधानमंत्री आवास नहीं मिलने की शिकायत की, लेकिन उसकी समस्या का समाधान करने के बजाय मुख्यमंत्री मुस्कुराते नजर आए। उन्होंने कहा कि सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में किसान खाद की कमी, सहकारी बैंकों की अवैध वसूली और धान खरीदी में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ विरोध जताते दिखाई दिए। वहीं दुर्ग जिले के थनौद में भाजपा कार्यकर्ता और जनपद सीईओ के बीच विवाद ने प्रशासनिक कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए।
विधायक भी अधिकारियों के सामने बेबस
बाकलीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा के ही जनप्रतिनिधि और विधायक अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं, लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। कई जगह अधिकारी खुलेआम जनप्रतिनिधियों को चुनौती देते नजर आए, जिससे सरकार की प्रशासनिक पकड़ कमजोर दिखाई दे रही है।
डोंगरगढ़ में मंच पर हिंसा, रायगढ़ में जनता की नाराजगी
उन्होंने कहा कि डोंगरगढ़ के पलांदुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सरकारी मंच पर किसान पर चाकू से हमला होना बेहद गंभीर घटना है। वहीं रायगढ़ में जनता ने मंत्री ओपी चौधरी के सामने खुलकर नाराजगी जाहिर की और अपनी समस्याओं को लेकर असंतोष व्यक्त किया।
सुशासन नहीं, अराजकता का माहौल
धीरज बाकलीवाल ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने में विफल रही है और सुशासन तिहार केवल प्रचार का माध्यम बनकर रह गया है। कांग्रेस ने मांग की है कि सरकार उत्सवों और आयोजनों के बजाय जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान पर ध्यान दे तथा प्रदेश में बिगड़ती प्रशासनिक और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर तत्काल प्रभावी कदम उठाए।
नासिर खोखर, प्रवक्ता ने कहा कि यदि सरकार जनता की समस्याओं के प्रति गंभीर नहीं हुई तो कांग्रेस आने वाले समय में प्रदेशव्यापी आंदोलन की रणनीति तैयार करेगी।