अफ्रीकी देशों में खतरनाक इबोला वायरस की हालिया दस्तक के बाद दुर्ग जिला स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। वर्तमान में अलग-अलग अफ्रीकी देशों की यात्रा कर जिले की सीमा में 3 अंतर्राष्ट्रीय यात्री पहुंचे हैं। राहत और तसल्ली की बात यह है कि इन तीनों ही यात्रियों में इबोला वायरस के कोई भी लक्षण नहीं पाए गए हैं और न ही ये वहां किसी संक्रमित मरीज के संपर्क में आए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, सुरक्षात्मक प्रोटोकॉल का पालन करते हुए तीनों अंतर्राष्ट्रीय यात्रियों को 21 दिनों के लिए अनिवार्य होम आइसोलेशन में रखा गया है। स्वास्थ्य विभाग की ट्रेसिंग टीम द्वारा प्रतिदिवस सुबह और शाम को टेलीफोन के माध्यम से इन यात्रियों से संपर्क कर उनके स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और पल-पल का अपडेट लिया जा रहा है। वर्तमान में तीनों यात्री पूरी तरह से असिम्टमैटिक और पूर्णतः स्वस्थ हैं।
कांगो, इथियोपिया और युगांडा से लौटे हैं यात्री
जिले में पहुंचे यात्रियों में से 1 यात्री कांगो से 31 मई को दुर्ग लौटे हैं, जबकि अन्य यात्री 2 जून को भिलाई पहुंचे हैं, जिनमें से 1 इथियोपिया से और 1 युगांडा से आए हैं। इन सभी यात्रियों की एयरपोर्ट पर ही गहन क्लीनिकल स्क्रीनिंग की गई थी, जहां रिस्क प्रोफाइल के आधार पर इन्हें कैटेगरी-1 में चिन्हांकित किया गया है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने जारी किया है अलर्ट
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण अफ्रीका (साउथ अफ्रीका) महाद्वीप के कुछ हिस्सों में वर्तमान में इबोला वायरस सक्रिय पाया गया है। वहां इस वायरस का पहला मामला 5 मई को सामने आया था, जिसकी पहचान 15 मई को हुई और 17 मई को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि व प्रमाणीकरण किया गया। इबोला वायरस एक बेहद गंभीर और जानलेवा बीमारी है, जो संक्रमित व्यक्ति के सीधे संपर्क में आने या उसके बॉडी फ्लूइड के संपर्क से एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में तेजी से फैलती है।

जिला स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीम
यदि किसी व्यक्ति को तेज बुखार, उल्टी, पेट दर्द, जोड़ों में गंभीर दर्द, अत्यधिक थकान, सिर दर्द या अधिक वाटरी डायरिया (दस्त) की शिकायत होती है, तो वे तुरंत स्वास्थ्य विभाग की जिला स्तरीय रैपिड रिस्पांस टीम से संपर्क कर सकते हैं। टीम में डॉ. सी.बी.एस. बंजारे जिला सर्विलेंस अधिकारी — मो. नं. 8103692107, डॉ. दिव्या श्रीवास्तव जिला टीकाकरण अधिकारी— मो. नं. 7224001424, डॉ. रश्मि ग्लैड जिला मलेरिया अधिकारी — मो. नं. 9926111138 और रितिका सोनवानी जिला महामारी अधिकारी — मो. नं. 8815598585 शामिल हैं।