दुर्ग। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन, नशाखोरी, गुंडागर्दी और भड़काऊ पोस्ट साझा करने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर सेल और पुलिस टीम की निगरानी में ऐसे 6 लोगों को चिन्हित कर तलब किया गया, जिनमें 4 नाबालिग और 2 वयस्क शामिल हैं। वयस्क आरोपियों के खिलाफ थाना छावनी में प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार इंस्टाग्राम, फेसबुक सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान ऐसे कई अकाउंट सामने आए जिनमें स्वयं को ‘किंग’, ‘डॉन’ और ‘गैंगस्टर’ बताकर हथियारों, नशे और असामाजिक गतिविधियों से जुड़े वीडियो एवं पोस्ट साझा किए जा रहे थे। जांच के बाद कुल 6 व्यक्तियों को तलब कर उनके मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच की गई।

जांच में 4 व्यक्ति नाबालिग पाए गए। उनके मोबाइल फोन से आपत्तिजनक और भड़काऊ पोस्ट तत्काल हटवाए गए। साथ ही उनके अभिभावकों को बुलाकर कड़ी समझाइश दी गई तथा सोशल मीडिया के दुरुपयोग से होने वाले कानूनी और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। नाबालिगों को आगे काउंसलिंग के लिए भी भेजा जा रहा है।
वहीं दो वयस्कों के मोबाइल फोन में भी विवादित और आपत्तिजनक सामग्री मिली, जिसे हटवाने के बाद उनके खिलाफ थाना छावनी में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में आए आरोपियों में सेक्टर-11 निवासी 23 वर्षीय कुलदीप सिंह और प्रगति नगर कैंप-1 निवासी 21 वर्षीय दुर्गेश सोनी शामिल हैं।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर लड़ाई-झगड़े, मारपीट, नशाखोरी, हथियारों के प्रदर्शन, सांप्रदायिक या जातीय भावनाएं भड़काने वाली पोस्ट तथा समाज में भय और अशांति फैलाने वाली सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
दुर्ग पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें, क्योंकि लाइक और फॉलोअर्स की होड़ में कई युवा अनजाने में ऐसे पोस्ट साझा कर देते हैं जो अपराध की श्रेणी में आते हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर कानून-व्यवस्था और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी निगरानी एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।