दुर्ग। प्रदेश कांग्रेस खेल विभाग के महामंत्री रमेश (पप्पू) श्रीवास्तव ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी हमेशा युवाओं, खिलाड़ियों और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रही है और आगे भी सामाजिक न्याय, लोकतंत्र तथा खिलाड़ियों के सम्मान की लड़ाई जारी रखेगी।

जारी बयान में श्रीवास्तव ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं और खिलाड़ियों की समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जबकि खेल युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की प्राथमिकता है कि प्रदेश के हर प्रतिभाशाली खिलाड़ी को बेहतर सुविधाएं, उचित मंच और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर उपलब्ध हों।

उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को हर स्तर पर आवश्यक संसाधन, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए, ताकि वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।
रमेश (पप्पू) श्रीवास्तव ने प्रदेश में आधुनिक खेल अकादमियों की स्थापना पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार से प्रतिभाशाली युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और खेल प्रतिभाओं को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन हमेशा खेल और युवा शक्ति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी खिलाड़ियों के अधिकारों एवं सम्मान के लिए निरंतर संघर्ष करता रहेगा।