रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक आमों की बहार बिखरने वाली है। तीन दिवसीय राष्ट्रीय आम महोत्सव में देशी-विदेशी आमों की 250 से अधिक किस्में आकर्षण का केंद्र रहेंगी। महोत्सव का शुभारंभ 29 मई को राज्यपाल रमेन डेका करेंगे। समारोह की अध्यक्षता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय करेंगे।
कार्यक्रम में कृषि मंत्री रामविचार नेताम, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक मोतीलाल साहू और अनुज शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। महोत्सव में दशहरी, लंगड़ा, अलफांसो, केसर, चौसा, नीलम, आम्रपाली, मल्लिका जैसी लोकप्रिय किस्मों के साथ जापान की चर्चित मियाजाकी किस्म भी देखने को मिलेगी। आयोजन में आम की प्रदर्शनी, प्रतियोगिताएं, मैंगो क्विज, फैंसी ड्रेस, आम से बने व्यंजनों की प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
आम प्रेमियों के लिए खास आकर्षण
0 250 से अधिक किस्मों की प्रदर्शनी
0 आम के पौधों और फलों की बिक्री
0 आम पापड़, पना, अचार, जैम और मिठाइयों की प्रतियोगिता
0 बच्चों और महिलाओं के लिए सजावट प्रतियोगिता
0 मैंगो बोनसाई और आम आधारित मॉडल शो
0 प्रसिद्ध शेफ आकांक्षा राय सिखाएंगी आम के विशेष व्यंजन
0 किसानों और युवाओं को मिलेगा तकनीकी मार्गदर्शन
आम उत्पादन : समस्या एवं समाधान
30 मई को आम उत्पादन : समस्या एवं समाधान विषय पर तकनीकी सत्र आयोजित होगा, जिसमें विशेषज्ञ आम उत्पादन, प्रसंस्करण, विपणन और सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। वहीं 31 मई को सफल आम उत्पादक किसान अपने अनुभव साझा करेंगे।
गुठली लाओ, पौधा पाओ
महोत्सव में एक अनोखी पहल भी की गई है। प्रकृति की ओर सोसायटी की ओर से 11 आम की गुठलियां लाने वाले लोगों को उन्नत किस्म का आम का पौधा उपहार में दिया जाएगा।आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य आम उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ युवाओं और किसानों को रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ना है। प्रवेश और पंजीयन पूरी तरह निशुल्क रखा गया है।