दुर्ग। 25 मई 2013 को हुए झीरम घाटी नक्सली हमले में शहीद हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग शहर द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल की उपस्थिति में कांग्रेस पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहीदों को नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि दी।


इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि झीरम घाटी की घटना केवल एक हमला नहीं थी, बल्कि लोकतंत्र और छत्तीसगढ़ की शांति पर कायरतापूर्ण प्रहार था। उन्होंने कहा कि आज भी उस दर्दनाक मंजर को याद कर रूह कांप उठती है, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने कभी पीठ नहीं दिखाई और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करते हुए शहीद हो गए।

उन्होंने शहीद नेताओं नंदकुमार पटेल, महेंद्र कर्मा और उदय मुदलियार को याद करते हुए कहा कि उनके संघर्ष, साहस और जनता के प्रति समर्पण को प्रदेश कभी नहीं भूल सकता।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब भयमुक्त, शांत और समृद्ध छत्तीसगढ़ के उनके सपने को पूरा किया जाएगा।