दुर्ग शहर को आगामी 31 मई को विकास की दिशा में दो बड़ी सौगात मिलने जा रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai अपने दुर्ग प्रवास के दौरान अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस आईटी पार्क और आधुनिक स्विमिंग पूल का लोकार्पण करेंगे। इसे भाजपा सरकार द्वारा चुनावी वादों को धरातल पर उतारने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री Gajendra Yadav ने बताया कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र में तैयार किया गया आईटी पार्क शहर को तकनीक, नवाचार और रोजगार का नया हब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन नहीं, बल्कि दुर्ग के आर्थिक और अधोसंरचनात्मक विकास का नया आधार बनेगी। आईटी पार्क के शुरू होने से स्थानीय युवाओं को आईटी सेक्टर में रोजगार के अवसर मिलेंगे और शहर में नए निवेश का रास्ता खुलेगा। मंत्री यादव ने कहा कि आईटी पार्क के संचालन से दुर्ग में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ेंगी और शहर की अधोसंरचना को मजबूती मिलेगी। लंबे समय से तकनीकी संस्थानों और रोजगार के अवसरों की मांग कर रहे युवाओं के लिए यह परियोजना उम्मीद की नई किरण मानी जा रही है।
खिलाड़ियों को मिलेगा आधुनिक स्विमिंग पूल
आईटी पार्क के साथ ही शहरवासियों और खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्विमिंग पूल भी तैयार किया गया है। मुख्यमंत्री इसके लोकार्पण के साथ खिलाड़ियों को समर्पित करेंगे। इससे दुर्ग के तैराकों और खेल प्रतिभाओं को प्रशिक्षण एवं अभ्यास के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इससे जिले में जलक्रीड़ा को नई पहचान मिल सकती है।
मंत्री ने अफसरों संग लिया तैयारियों का जायजा
लोकार्पण कार्यक्रम से पहले मंत्री ने कलेक्टर अभिजीत सिंह, आईआईटी डायरेक्टर प्रो. राजीव प्रकाश, नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल और लोक निर्माण विभाग की टीम के साथ आईटी पार्क स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि लोकार्पण को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। निरीक्षण के दौरान निर्माण गुणवत्ता, तकनीकी सुविधाओं और नागरिक उपयोगिता को लेकर विस्तार से समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजनाओं का संचालन आम जनता और युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखकर किया जाए।