रायपुर। छत्तीसगढ़ की विश्व प्रसिद्ध लोक गायिका एवं पद्मश्री सम्मानित पंडवानी कलाकार तीजन बाई की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें गुरुवार सुबह रायपुर स्थित एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते उन्हें डॉक्टरों की गहन निगरानी में रखा गया है, जहां चिकित्सकों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है।

लोक कला जगत में अपनी विशिष्ट पहचान रखने वाली तीजन बाई ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक “पंडवानी” शैली को देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया है। महाभारत की कथाओं को संगीतमय अंदाज में प्रस्तुत करने वाली पंडवानी कला में उन्होंने “कापालिक शैली” को नई पहचान दी। वे खड़े होकर अभिनय के साथ पंडवानी प्रस्तुत करने वाली देश की पहली महिला कलाकार मानी जाती हैं।

तीजन बाई ने दूरदर्शन के चर्चित धारावाहिक भारत एक खोज में भी अभिनय किया था। भारतीय लोक कला और संस्कृति में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री सहित कई राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। इसके अलावा बिलासपुर विश्वविद्यालय द्वारा उन्हें डी.लिट. की मानद उपाधि से भी सम्मानित किया गया है।

उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आने के बाद कला जगत और उनके प्रशंसकों में चिंता का माहौल है। प्रदेशभर से लोग उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे हैं।