यदि आप या आपके परिवार में कोई भी व्यक्ति नियमित रूप से दवाइयों का सेवन करता है, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। ऑनलाइन फार्मेसी यानि दवाइयों की ऑनलाइन बिक्री के विरोध में राष्ट्रीय संगठन ऑल इंडिया ऑर्गनाईजेशन ऑफ केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने 20 मई को एक दिवसीय देशव्यापी दवा व्यापार बंद का ऐलान किया है। इस राष्ट्रव्यापी हड़ताल का सीधा और बड़ा असर जिले में भी देखने को मिलेगा, जहां सभी निजी मेडिकल स्टोर्स के शटर पूरी तरह गिरे रहेंगे।
जिला दुर्ग केमिस्ट एण्ड ड्रगिस्ट संघ ने इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय को अग्रिम सूचना का ज्ञापन सौंप दिया है। इस बेहद संवेदनशील स्थिति को देखते हुए कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन मोड में आ गया है। आम जनता को किसी भी तरह की परेशानी या आपातकालीन स्थिति से बचाने के लिए प्रशासन ने एक बेहद महत्वपूर्ण गाइडलाइन (एडवाइजरी) जारी की है।
मरीजों के लिए सलाह – रखें जीवनरक्षक दवाओं का कोटा
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों, विशेषकर गंभीर एवं लंबी बीमारियों से जूझ रहे मरीजों से हाथ जोड़कर अपील की है कि वे हड़ताल के दिन किसी भी संकट से बचने के लिए अपनी दवाइयां पहले से ही खरीद लें। यदि आपके घर में डायबिटीज (मधुमेह) और ब्लड प्रेशर (बीपी), हृदय रोग (हार्ट पेशेंट्स) और कैंसर, अस्थमा (दमा) और मिर्गी (सीजर) के मरीज हैं, तो उनकी रोजमर्रा की जरूरी और जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक आज ही खरीदकर सुरक्षित रख लें, ताकि 20 मई को किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
इमरजेंसी में भटकना नहीं – खुले रहेंगे सरकारी व जेनेरिक स्टोर्स
हड़ताल के दौरान यदि कोई आपातकालीन स्थिति निर्मित होती है, तो मरीजों को घबराने की जरूरत नहीं है। कलेक्टर के आदेश पर प्रशासन ने पुख्ता वैकल्पिक इंतजाम किए हैं। 20 मई को जिले के भीतर जिला चिकित्सालय (दुर्ग हॉस्पिटल) और जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, निजी और शासकीय स्तर पर संचालित सभी प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र और छत्तीसगढ़ शासन के सभी श्री धनवंतरी जेनरिक मेडिकल स्टोर्स अनिवार्य रूप से 24 घंटे खुले रहेंगे।
दवा न मिलने पर इन नंबरों पर सीधे करें कॉल
यदि हड़ताल के दिन आपको किसी जीवनरक्षक दवा की सख्त जरूरत पड़ती है और वह कहीं नहीं मिल रही है, तो जिला प्रशासन ने केमिस्ट संघ के शीर्ष पदाधिकारियों के अधिकृत नंबर जारी किए हैं, जिन पर आप सीधे संपर्क कर मदद मांग सकते हैं। वकार हसन कामदार (अध्यक्ष, दुर्ग केमिस्ट संघ): 9826421919 और दीपक बंसल (सचिव, दुर्ग केमिस्ट संघ): 9827476558, जिला प्रशासन ने संघ से आग्रह किया है कि वे मानवीय दृष्टिकोण और जनहित को सर्वोपरि रखें। किसी भी आकस्मिक दुर्घटना या गंभीर आपातकाल के दौरान जीवन रक्षक दवाओं की सप्लाई चेन को बाधित न होने दें और स्वास्थ्य विभाग के साथ निरंतर सामंजस्य बनाए रखें।