दुर्ग। थाना नेवई पुलिस ने बुजुर्ग दंपत्ति के संयुक्त बैंक खाते से बिना अनुमति राशि निकालने के मामले में एक महिला केयर टेकर को गिरफ्तार किया है। आरोपिया ने विश्वास का फायदा उठाते हुए खाते से 40,085 रुपये आहरित कर अमानत में खयानत की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, 17 मई 2026 को प्रार्थी ने थाना नेवई पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उनके वृद्ध माता-पिता के संयुक्त बैंक खाते की देखरेख करने वाली केयर टेकर ने बिना जानकारी दिए खाते से रकम निकाल ली है। शिकायत में अन्य वित्तीय लेनदेन किए जाने की आशंका भी जताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नेवई में अपराध क्रमांक 312/2026 धारा 316(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी एवं तथ्यात्मक जांच के बाद पुलिस टीम ने आरोपिया का पता लगाकर पूछताछ की, जहां उसने बैंक खाते से 40,085 रुपये निकालने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने 18 मई 2026 को आरोपिया को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपिया की पहचान स्मिता बरगटे (44 वर्ष) निवासी रिसाली सेक्टर, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में बैंक ट्रांजेक्शन और संबंधित दस्तावेजी साक्ष्य जब्त किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपिया ने बुजुर्ग दंपत्ति के बैंक खाते और वित्तीय जानकारी का दुरुपयोग कर विश्वासघातपूर्वक राशि निकाली थी।

पूरे मामले में निरीक्षक अनिल साहू, सउनि निगम प्रसाद पात्रे, प्रधान आरक्षक नंदलाल सिंह, आरक्षक रवि बिसाई, प्यावरे लाल साहू, देवप्रकाश वर्मा एवं महिला आरक्षक कीर्ति साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि बुजुर्ग परिजनों के बैंक खाते, एटीएम, मोबाइल बैंकिंग और वित्तीय जानकारी साझा करते समय विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।