दुर्ग जिले के थाना पुलगांव अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने मामूली घरेलू विवाद में अपनी ही मां की डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार 16 मई को मनीष पटेल ने चौकी पहुंचकर सूचना दी कि उसकी बुआ सरस्वती पटेल की किसी अज्ञात व्यक्ति ने ठोस वस्तु से हमला कर हत्या कर दी है। मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतिका के पुत्र अश्वनी पटेल पर संदेह हुआ। पूछताछ में आरोपी टूट गया और उसने मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसकी मां द्वारा खाना नहीं बनाने की बात को लेकर वह नाराज था। गुस्से में उसने पास में रखा लकड़ी का डंडा उठाकर मां के सिर, हाथ, छाती और पेट पर लगातार हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई गंभीर चोटों की पुष्टि
मृतिका का पोस्टमार्टम चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज में कराया गया। डॉक्टरों की प्रारंभिक रिपोर्ट में शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से मौत होना पाया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हत्या में इस्तेमाल डंडा जब्त
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है। कार्रवाई में थाना पुलगांव और चौकी जेवरा सिरसा पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।