पाटन विकासखंड के ग्राम बेलौदी में उल्टी-दस्त के बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। गांव में लगातार मिल रहे मरीजों के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम अलर्ट मोड पर है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी मनोज दानी के निर्देश पर जिला और ब्लॉक स्तर की टीम ने प्रभावित इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार 11 मई से अब तक गांव में कुल 60 मरीज सामने आए हैं। इनमें से 6 मरीजों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। 3 मरीज जिला अस्पताल और 3 मरीज सेलूद अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी मरीज घर पर उपचार ले रहे हैं।
90 घरों का सर्वे, दो नए मरीज मिले
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 15 मई को गांव के 90 घरों का सर्वे किया। इस दौरान उल्टी-दस्त के 2 नए मरीज मिले हैं। जिला सर्वेलेंस अधिकारी सी.बी.एस. बंजारे, खंड चिकित्सा अधिकारी भुनेश्वर कठौतिया सहित स्वास्थ्य अमला और मितानिनें लगातार सक्रिय सर्वेलेंस कर रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की अपील – पानी उबालकर पिएं
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को उबालकर पानी पीने, सड़ी-गली सब्जियों से बचने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने की सलाह दी गई है। विभाग का कहना है कि वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन सतर्कता बेहद जरूरी है।