दुर्ग। स्वायतशासी कर्मचारी महासंघ, छत्तीसगढ़ प्रदेश ने नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को नए श्रम कानूनों के तहत केंद्रीय वेतनमान का लाभ दिलाने की मांग उठाई है। इस संबंध में महासंघ ने उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव के नाम आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग के माध्यम से ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में बताया गया है कि केंद्र सरकार द्वारा 29 पुराने श्रम कानूनों को समाप्त कर चार नए श्रम कोड लागू किए गए हैं, जिनका उद्देश्य श्रमिकों के हितों का संरक्षण और कार्यप्रणाली में एकरूपता लाना है। महासंघ का कहना है कि छत्तीसगढ़ में वर्तमान में लागू वेतन दरें और श्रम सुविधाएं केंद्रीय मानकों से अलग हैं, जिससे कर्मचारियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।

महासंघ ने मांग की है कि नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को नए श्रम कोड के तहत केंद्रीय दर पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। इस दौरान महासंघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ सकता है।

