दुर्ग। जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। वार्ड क्रमांक 04 खपरी रोड स्थित एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार आग लगने की सूचना मिलते ही थाना कुम्हारी पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, फायर ब्रिगेड की टीम एवं राहत-बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंचा। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर के भीतर मौजूद चार लोगों की जान जा चुकी थी।

मृतकों की पहचान होमदास वैष्णव (40 वर्ष), लक्ष्मी वैष्णव (18 वर्ष), चांदनी (17 वर्ष) एवं दो वर्षीय गोपिका के रूप में हुई है। हादसे में पूरा परिवार खत्म हो जाने से क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया है। विशेषज्ञ वैज्ञानिक तरीके से आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।
