केजू राइस मिल के पास अज्ञात बदमाशों का हमला, इलाके में फैली सनसनी
दुर्ग। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात खूनी वारदात से सनसनी फैल गई। राजीव नगर निवासी 20 वर्षीय युवक जितेश ठाकुर की अज्ञात आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। घटना में राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार घटना रात करीब 2 बजे के आसपास केजू राइस मिल के पास हुई। बताया जा रहा है कि तीनों युवक किसी काम से इलाके में पहुंचे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे कुछ अज्ञात बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज था कि जितेश ठाकुर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसके साथ मौजूद राहुल ठाकुर और नेहरू ठाकुर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। वहीं युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। देर रात हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश और पुरानी दुश्मनी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में जुट गई है।

पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है। कुछ संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात अचानक चीख-पुकार की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद लोग घरों से बाहर निकले। तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।